बिहार में ‘महाजंगल राज’ लाने वालों पर कटिहार कांग्रेस का हमला, नीतीश सरकार का पुतला दहन

कटिहार के हफलागंज चौक पर कटिहार कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा नीतीश कुमार का पुतला जलाते हुए।

कटिहार: मुजफ्फरपुर में एक नाबालिग दलित बच्ची के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु पर कटिहार कांग्रेस ने रविवार को बिहार सरकार के खिलाफ तीखा प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर कटिहार के हफलागंज चौक पर कटिहार कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार यादव और महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष अंजुमन कौसर उर्फ अम्रपाली यादव की अगुवाई में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होने बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिहार को ‘महाजंगल राज’ करार दिया।

सुनील कुमार यादव ने मुजफ्फरपुर की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और उसकी मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बिहार सरकार और कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग बिहार को जंगल राज कहते थे, उन्होंने अब बिहार में महाजंगल राज ला दिया है। हर दिन हत्या, लूट, डकैती और दुष्कर्म जैसी वारदातें हो रही हैं, लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई है।” उन्होंने मांग की कि अगर बिहार में कानून व्यवस्था बची है, तो इस जघन्य अपराध के दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। यादव ने यह भी कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और ईश्वर से प्रार्थना है कि मासूम की आत्मा को शांति मिले।

महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष अंजुमन कौसर उर्फ अम्रपाली यादव ने कहा, “मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और उसकी मृत्यु ने बिहार की हर बेटी और मां को शर्मसार किया है। एक मां के नाते मैं सरकार से मांग करती हूं कि दोषियों को फांसी दी जाए।” उन्होंने इस घटना को बिहार में बेटियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल बताया।

पुतला दहन में संतोष कुमार शर्मा, निरंजन कुमार पोद्दार, मोहम्मद गुलाम मुस्तफा, मोहम्मद मुकुल, राहुल पांडे, सुबोध यादव, शांति देवी, पुतुल देवी, निखत परवीन, मीना देवी, रेणु देवी, तमन्ना खातून, सुल्ताना परवीन, उमा देवी, चंदा देवी, पाखी कुमारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। यह प्रदर्शन बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस का बड़ा कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

adsterra ad