सुशासन के राज में भ्रष्टाचार चरम पर, सांसद तारिक अनवर ने उठाई आवाज, अधिकारियों की मनमानी पर जताई नाराजगी
कटिहार, 18 जून 2025: मंगलवार को कटिहार के सांसद तारिक अनवर ने प्राणपुर प्रखंड और सदर विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद का जोरदार अभिनंदन किया और स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। प्राणपुर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों की मनमानी और भ्रष्टाचार की शिकायतें की। इसी क्रम में सदर विधानसभा के क्षेत्रों में भी सांसद ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।
ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी कार्यालयों में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इस पर सांसद तारिक अनवर ने कहा, “डबल इंजन की सरकार में पूरे बिहार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। अधिकारियों की मनमानी ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सरकार अपनी पीठ थपथपाती है, लेकिन हकीकत यह है कि बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा।” उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर वरिष्ठ पदाधिकारियों से बात की गई है और अधिकारियों की मनमानी व रिश्वतखोरी पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
सांसद ने जोर देकर कहा, “आम लोगों का काम सरकारी कार्यालयों में आसानी से होना चाहिए। अगर अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते या काम नहीं करते, तो इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा। जनता की परेशानी का समाधान हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इन समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और जल्द समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर कटिहार कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, दिलीप विश्वास, तौकीर आलम, आफताब आलम, अवधेश मंडल, कंचन दास, सऊद आलम, जय नंदन मंडल, मनोहर मंडल, मो. शहंशाह, मो. रफिक, जवाहर मंडल, रमेश मंडल, यशवंत शेट्टी, तबारक मुस्तफा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बुद्धिजीवी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सांसद के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

