दिनदहाड़े लाखों की चोरी, मचा हड़कंप, जांच में जुटी लालकुआं पुलिस

चोरी के बाद तहस-नहस हुआ देवेंद्र जोशी का मकान।

लालकुआं: लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हल्द्वचौड स्थित बमेठा बंगर खीमा में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज चोरी की घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। परिवार की तीन घंटे की अनुपस्थिति में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े देवेंद्र जोशी के मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान चुरा लिया। घटना उस वक्त हुई जब पूरा परिवार पड़ोसी गांव हरिपुर लच्छी में था। दोपहर करीब 11 बजे घर से निकले परिवार ने दो बजे लौटकर देखा कि मुख्य दरवाजा अंदर से बंद है। पीछे के दरवाजे से प्रवेश करने पर कमरों का ताला टूटा और सामान बिखरा पाया गया, जिससे परिवार सकते में आ गया।

पीड़ित गीता जोशी, जो बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती हैं, ने बताया, “हम सुबह 11 बजे मां के घर गए थे। लौटने पर घर का हाल देखकर दंग रह गए। सोने-चांदी के जेवर सब गायब हैं।” पुलिस को तुरंत सूचना दी गई, और मौके पर पहुंची लालकुआं पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। आशंका है कि चोर मकान की चारों ओर बनी दीवार फांदकर अंदर घुसे और मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर चोरी को अंजाम दिया। पड़ोसियों को घटना की भनक तक नहीं लगी, जो चोरों की चतुराई को दर्शाता है।

इससे पहले भी हल्द्वचौड क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरियां हुई हैं, जिनका खुलासा नहीं हो सका, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष है। हल्दूचौड व्यापार मंडल के अध्यक्ष खीमा सिंह बिष्ट ने घटनास्थल पर पहुंचकर नाराजगी जताई और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी, “अगर चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करेंगे, और जिम्मेदारी पुलिस की होगी।” क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल ने कहा, “परिवार की अनुपस्थिति में चोरी हुई है। हमने जांच शुरू कर दी है, और जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।” कोतवाल दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और फोरेंसिक जांच में जुटी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की, जबकि स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

adsterra ad