कटिहार: आंगनबाड़ी सेविका फरार, केंद्र ठप, बच्चों का भविष्य खतरे में !

कटिहार के डंडाखोरा में भगवान भरोसे चल रहा आंगनबाड़ी केंद्र

डंडखोरा, कटिहार | 23 सितंबर, 2025 : कटिहार जिले के डंडखोरा प्रखंड के बेलडिया सितोनटोला, वार्ड नंबर 7 में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 138 में सेविका तेरेसा सोरेन के प्रेमी के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। इसके चलते पिछले दो महीनों से केंद्र में पठन-पाठन और पोषाहार वितरण पूरी तरह ठप हो गया है। इससे केंद्र में पढ़ने वाले 40 बच्चों के अभिभावक अपनी संतानों की शिक्षा और पोषण को लेकर चिंतित हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि सेविका तेरेसा सोरेन दो महीने पहले अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी, जिसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र की जिम्मेदारी सहायिका चांदमुनि मुर्मू अकेले संभाल रही हैं। चांदमुनि बच्चों को उनके घर से केंद्र तक लाती हैं, पढ़ाई का कार्य देखती हैं और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाती हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तेरेसा बीच-बीच में आकर उपस्थिति पंजी में 10-12 अतिरिक्त दिनों की हाजिरी दर्ज कर फिर से अपने प्रेमी के पास चली जाती है।

अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को आंगनबाड़ी भेजने का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। न तो पठन-पाठन व्यवस्थित है और न ही पिछले दो महीनों से पोषाहार का वितरण हुआ है। इस मामले की जानकारी महिला सुपरवाइजर (एलएस) और बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को भी है। केंद्र का मूल्यांकन भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद पठन-पाठन को सुचारू करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है।

स्थानीय ग्रामीणों ने रोष जताते हुए मांग की है कि जल्द से जल्द केंद्र में नई सेविका की नियुक्ति की जाए, ताकि आंगनबाड़ी सुचारू रूप से चल सके और बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा सुदृढ़ हो। आंगनबाड़ी के वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

adsterra ad