बिजली आपूर्ति की समस्या से कटिहार के लोग त्रस्त, सांसद तारिक अनवर ने उठाई आवाज
कटिहार, 17 जून 2025: कटिहार जिले में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति और बाढ़ तैयारियों की कमी को लेकर सांसद तारिक अनवर ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को सांसद ने प्राणपुर, अमदाबाद और सदर विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर स्थानीय समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों ने सबसे ज्यादा बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर अपनी नाराजगी जताई। इसके अलावा, सड़क, नाले और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी सांसद को जानकारी दी गई। सांसद तारिक अनवर ने कहा, “शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से फेल है। सरकार 24 घंटे बिजली देने का दावा करती है, लेकिन इस भीषण गर्मी में लोग बिजली की कमी से परेशान हैं और सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि कटिहार में बिजली की समस्या के जल्द समाधान के लिए वे आवाज बुलंद करेंगे और अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान करवाया जाएगा।
इसके साथ ही, सांसद ने बाढ़ग्रस्त और कटावग्रस्त क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को बाढ़ पूर्व तैयारियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सांसद ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “हर साल सरकार बाढ़ से पहले तैयारियों का दावा करती है, लेकिन बाढ़ आते ही सारी तैयारियां फेल हो जाती हैं। कटिहार के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में अभी से तैयारियां मजबूत करने की जरूरत है।” इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर कटिहार कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, अवधेश मंडल, सऊद आलम, फिरोज कुरैशी, संजय सिंह, आफताब आलम, कंचन दास, गोपाल यादव, मो. मन्नान, क्रितानंद यादव, संजय मंडल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बुद्धिजीवी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सांसद के इस अभियान की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

