रेलवे संसदीय मंडल समिति की बैठक में सांसद पप्पू यादव ने उठाईं कोसी-सीमांचल की अहम रेल मांगें !
पटना: पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर मंडल की संसदीय मंडल समिति की बैठक में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने कोसी-सीमांचल सहित बिहार के यात्रियों की सुविधाओं और रेलवे विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि रेलवे को आम यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए।
सांसद ने हाटे बाजार एक्सप्रेस को सप्ताह के सातों दिन चलाने, पटना–पूर्णिया के बीच रात्रिकालीन ट्रेन शुरू करने, जनहित एक्सप्रेस के समय में बदलाव तथा पूर्णिया से दिल्ली के लिए वंदे भारत और रांची व कोटा के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग रखी। साथ ही कुशेश्वर स्थान–सिंहेश्वर स्थान और कुर्सेला–बिहारीगंज रेल परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया।
उन्होंने मधेपुरा–बनमनखी रेलखंड पर हुई गोलीबारी की घटना की जांच कराने और ट्रेनों व स्टेशनों पर महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने की मांग भी उठाई। महिला प्रतीक्षालय, अलग शौचालय और जनरल डिब्बों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा देवघर, सिंहेश्वर स्थान, कुशेश्वर स्थान और गरीब स्थान को रेल नेटवर्क से जोड़ने तथा कटिहार–पूर्णिया–सहरसा रेलखंड पर दो नई पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन की मांग रखते हुए सांसद ने कहा कि कोसी-सीमांचल की वर्षों पुरानी रेल समस्याओं का शीघ्र समाधान होना चाहिए।

